अमेरिकी अधिकारी का दावा, चीन ने गुपचुप तरीके से डोकलाम में फिर शुरू की गतिविधियां, भारत की तरफ से विरोध नहीं
वाशिंगटन : अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि चीन ने डोकलाम क्षेत्र में चुपचाप अपनी गतिविधियां फिर से शुरू कर दी हैं और न तो भूटान और न ही भारत ने उसे ऐसा करने से रोका है. अमेरिका के शीर्ष अधिकारी ने विवादित दक्षिण चीन सागर में चीन के युद्धाभ्यास की तुलना इस हिमालयी क्षेत्र में उस देश की गतिविधियों से की है. चीन पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता रहा है.वहीं, वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस, ब्रुनेई और ताईवान इस दावे का विरोध करते रहे हैं.दक्षिणी एवं मध्य एशिया के लिए विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप सहायक एलीस जी वेल्स ने एक संसदीय सुनवाई के दौरान सांसदों से कहा, 'मेरा आकलन है कि भारत मजबूती से अपने उत्तरी सीमा का बचाव कर रहा है और यह भारत के लिए चिंता का विषय है.' वेल्स भारतीय सीमा के निकट सड़क बनाने की चीन की उग्र गतिविधियों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे. भारत और चीन के बीच हिमालयी क्षेत्रों को लेकर लगातार विवाद होते रहे हैं. हाल ही में चीन और भारत के बीच डोकलाम मुद्दे को लेकर गतिरोध पैदा हो गया था.
Comments
Post a Comment