गढ़वाल राइफल्स के मेजर आदित्य कुमार और शहीद औरंगजेब को मिलेगा शौर्य चक्र
गढ़वाल राइफल्स के मेजर आदित्य कुमार और शहीद औरंगजेब को शौर्य चक्र प्रदान किया जाएगा। आपको बता दें कि जून में आतंकवादियों ने कश्मीर के पुलवामा में औरंगजेब की हत्या कर दी थी। औरंगजेब को आतंकियों ने 14 जून को अगवा किया था। उसी दिन पुलवामा में उनका गोलियों से छलनी शव मिला था। वे ईद मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर जा रहे थे। आतंकियों ने औरंगजेब का मरने से पहले का वीडियो भी जारी किया था। औरंगजेब के पिता हनीफ सेना से रिटायर्ड हैं। 2014 में आतंकियों ने औरंगजेब के चाचा को अगवा कर उनकी हत्या कर दी थी।
सीआरपीएफ को मिले सर्वाधिक वीरता पदक
सरकार ने 72 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कुल 972 कर्मियों को सेवा पदक देने की घोषणा की। सेवा के दौरान शहादत देने वाले कश्मीर के सीआरपीएफ के दो जवानों को देश का शीर्ष पुलिस वीरता पुरस्कार, राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक (पीपीएमजी) दिया गया।
कांस्टेबल शरीफुद्दीन गनई और हेड कांस्टेबल मोहम्मद तफैल को मरणोपरांत पीपीएमजी दिया गया जबकि सीआरपीएफ के 89 अन्य कर्मियों को आतंकवाद प्रभावित जम्मू-कश्मीर में और विभिन्न राज्यों में नक्सल रोधी अभियानों में अदम्य साहस का परिचय देने के लिए पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को इस साल मिले पदक अब तक के सर्वाधिक हैं।
सीआरपीएफ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 37 पुलिस वीरता पदक मिले। इसके बाद ओडिशा पुलिस को 11, सीमा सुरक्षा बल को 10, महाराष्ट्र पुलिस को आठ, छत्तीसगढ़ पुलिस को छह पुलिस वीरता पदक मिले। एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि इस बार कुल 177 पुलिस वीरता पदक दिए गए हैं।
अधिकारी ने कहा, ''कश्मीर घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियान तेज होने के साथ बल को सबसे ज्यादा वीरता पदक मिले। सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और उसका विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं सेना संयुक्त रूप से ये अभियान चलाती है। वहीं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 29 अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए गए।
Comments
Post a Comment