पाक मंत्री का दावा: कश्मीर मुद्दे का हल निकालने का प्रस्ताव तैयार कर रही इमरान सरकार
पाकिस्तान की एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार कश्मीर मुद्दे के हल के लिये एक प्रस्ताव तैयार कर रही है। मंत्री ने इस प्रस्ताव के मसौदे को 'विवाद सुलझाने के लिये आदर्श करार दिया है।' मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी ने एक टेलीविजन वार्ता कार्यक्रम के दौरान यह खुलासा किया लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव का विवरण नहीं दिया।
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक मजारी ने इस हफ्ते के शुरू में एक उर्दू भाषा के समाचार चैनल के एंकर को बताया, 'हम एक हफ्ते के अंतर प्रस्ताव तैयार कर लेंगे और पक्षकारों के बीच इसे वितरित कर देंगे।' उन्होंने कहा कि संघर्ष समाधान के लिये आदर्श यह प्रस्ताव कैबिनेट और प्रधानमंत्री खान के समक्ष भी पेश किया जाएगा।
पाकिस्तान में ताकतवर सेना के करीबी मानी जाने वाली मजारी ने कहा, 'अगर मसौदा मंजूर होता है तो हम इस पर आगे बढ़ेंगे।' पाकिस्तान में नीतिगत फैसलों पर सेना का अच्छा खासा प्रभाव रहता है। मसौदे की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यह लगभग तैयार है।
Comments
Post a Comment